मथुरा। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ बुधवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे तो कान्हा की छवि में खो गए। वे केशवदेव को अपलक निहारते रहे। उन्होंने योग माया के दर्शन किए और फिर गर्भ गृह पहुंचे। यहां तुलसी व पुष्प के साथ श्रीकृष्ण की पूजा वैदिक मंत्रोचार के साथ की।
मुख्यमंत्री यहां प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। इससे पूर्व दोपहर में करीब 12:30 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे और दर्शन किए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा एवं प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने सीएम को प्रसादी-पटुका ओढ़ाकर एवं पूजाचार्यों ने मंगलार्चन-स्वस्तिवाचन के साथ स्वागत किया। सीएम ने केशवदेव महाराज को माल्यार्पण चंदन अर्पित करने के बाद अष्टभुजा मां योगमाया के दर्शन कर श्रीगर्भ-गृह में प्रवेश किया। यहां भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। भागवत-भवन में श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार को माल्यार्पण, नैवेद्य-अर्पण करने के बाद पंचप्रदीप आरती की।
श्रीकृष्ण की जन्मस्थली में गूंजे जय श्रीराम के नारे
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने के लिए आए भक्तों ने जब सीएम योगी आदित्यनाथ को देखा तो वे उन्हें अपने बीच पाकर अभिभूत हो उठे। उन्होंने सीएम को देखकर जय श्रीराम, जय-जय श्रीराम और केशवदेव महाराज के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। यह देखकर सीएम योगी आदित्यनाथ मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। उन्होंने मंदिर प्रांगण में मौजूद भक्तों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया।