मथुरा। आरोपी द्वारा आपराधिक इतिहास छुपाते हुए और फर्जी दस्तावेज तैयार कर कूटरचित तरीके से शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। शस्त्र लाइसेंस के खेल में इससे पहले मगोर्रा और जैंत थाने में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।
बंगाली घाट के कम्पूघाट निवासी हिमांशु ने पूर्व में शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया के दौरान हिमांशु ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमों की जानकारी छुपाई और प्रशासन को गुमराह करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद शस्त्र लाइसेंस आवेदन कर दिया। लाइसेंस प्राप्त होने के बाद हिमांशु .30 बोर की पिस्टल भी खरीद ली। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में लाइसेंस धारकों के चल रहे दस्तावेज जांच में खेल पकड़ में आ गया। एसएसपी के आदेश के बाद कोतवाली में हिमांशु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसएसपी ने बताया कि हिमांशु का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ थाना हाईवे और कोतवाली में धोखाधड़ी अन्य धाराओं में मुकदमें दर्ज हैं। उन्होंने अधीनस्थों को चेतावनी दी कि अगर किसी भी पुलिसकर्मी की शस्त्र लाइसेंस के दस्तावेज सत्यापन में लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।