चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत क्षेत्र के एक कस्बे में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसका वीडियो वायरल करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने किशोरी के पिता के पास वीडियो भेज दिया। पीड़िता के पिता ने थाना जैंत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा है कि कस्बे के कुछ युवक उसकी 13 वर्षीय पुत्री को फुसला कर जंगल से ईंधन के लिए लकड़ियां दिलाने के बहाने ले गए। इसके बाद तमंचे से डरा धमका कर बंद मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने इसका वीडियो बना कर उसे धमकाया कि यदि किसी से मुंह खोला तो वे पूरे गांव में वीडियो वायरल कर देंगे। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उसकी पुत्री को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिर ले जाने की कोशिश की।
उसने जाने से मना कर दिया। इससे गुस्साए नामजदों ने उसके भतीजे एवं अन्य लोगों के पास दुष्कर्म की वीडियो वायरल कर दी। नामजदों के खिलाफ थाना जैंत में सामूहिक दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सदर प्रवीण कुमार मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।