वृंदावन। अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के समापन से ठीक एक दिन पहले, रविवार को धर्मनगरी वृंदावन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रीबांकेबिहारी मंदिर सहित नगर के सभी प्रमुख मंदिरों में आराध्य की एक झलक पाने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़े। इसके साथ ही, नगर की पंचकोसी परिक्रमा मार्ग में सुबह से लेकर रात तक राधे-राधे के जयकारों के साथ भक्तों का तांता लगा रहा।
पट खुलने से पहले ही पांच सौ मीटर तक लगी कतारें रविवार सुबह ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के पट खुलने से काफी पहले ही दर्शनार्थियों की भीड़ जमा हो गई थी। मंदिर से करीब 500 मीटर दूर विद्यापीठ चौराहा से लेकर मंदिर की मुख्य गली तक पैर रखने तक की जगह नहीं बची। यही स्थिति जुगलघाट की ओर से आने वाले मार्ग पर भी देखने को मिली। भीड़ के अत्यधिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने जगह-जगह तिराहे-चौराहों पर भक्तों को 5 से 10 मिनट के अंतराल पर रोक-रोक कर आगे बढ़ाया।
प्रमुख मंदिरों में देर रात तक रहा भक्तों का रेला
बांकेबिहारी मंदिर के अलावा नगर के अन्य प्रमुख देवालय श्रीराधारमण मंदिर, श्रीराधावल्लभ मंदिर, निधिवन और श्रीराधादामोदर मंदिर में भी सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही।