कोसीकलां। गोपालनगर में पिछले पांच दिनों से हो रहे जमकर पत्थराव से लोग खौफ में हैं। पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं।
पिछले पांच दिनों से गोपाल नगर कॉलोनी में जमकर पथराव हो रहा है साथ ही कांच की बोतले भी फेंकी जा रही है। कॉलोनी के अभिजीत सहित अन्य कॉलोनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को पुलिस नेे दो चेतक कर्मियों को मौके पर तैनात कर दिया लेकिन असामाजिक तत्व हैं कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। उन्होंने चेतक कर्मियों की मौजूदगी में जमकर पथराव एवं बोतलें फेंकी।
पुलिस कर्मियों की सूचना के बाद भी पुलिस को कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पुलिस पिकेट के साथ साथ छतों पर सादा वर्दी में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया।
उक्त सभी की मौजूदगी में फिर से पथराव हुआ तो पुलिस कर्मी जिधर से पथराव हो रहा था, उधर भागे लेकिन अंधेरे का फायदा उठाते हुए पथराव एवं बोतलबाजी कर रहे असामाजिक तत्व भाग गए। पुलिस की कार्य प्रणाली से आहत कॉलोनी वासी दहशत में हैं। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार राणा ने बताया कि मौके से दो संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।