फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना के 12 केस मिले, एक्टिव केस बढ़कर हुए 49

विज्ञापन
विज्ञापन
मथुरा। कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर है। सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए हैं। बीते एक सप्ताह से जनपद में लगातार पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। सोमवार को 12 पॉजिटिव केस और मिल गए। इसके बाद जनपद में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 49 हो गए हैं।
विज्ञापन

इधर, बीते 24 घंटे में तीन संक्रमित ठीक भी हुए हैं। इस बार भी वृंदावन से ही कोरोना पॉजिटिव केस मिलने शुरू हुए हैं। एक साल पहले जब वृंदावन में कुंभ मेले का आयोजन हुआ था, तब भी वहां से कोरोना केस मिलने शुरू हुए थे और धीरे-धीरे पूरे जिले में कोरोना ने पैर पसार लिए थे।
सोमवार को नए पॉजिटिव केस में फरह निवासी 32 वर्षी महिला, 70 वर्षीय पुरुष, 28 वर्षीय महिला, मथुरा निवासी 18 वर्षीय युवक, 40 वर्षीय महिला, कृष्णा पुरी मथुरा निवासी 51 वर्षीय महिला, 52 वर्षीय महिला, मांट निवासी 25 वर्षीय युवक, बलदेव निवासी महिला, मथुरा निवासी महिला, 22 वर्षीय महिला और 60 वर्षीय वृद्ध महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एहतियातन मंदिरों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर रैंडम सैंपलिंग की जा रही है।
विज्ञापन

कोविड प्रभारी डॉ. भूदेव ने बताया कि जनपद में 7 ऑक्सीजन प्लांट हैं, जिन पर समुचित व्यवस्थाएं हैं। वहीं सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्राें पर भी ऑक्सीजन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद बाहर से आने वाले लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है। प्रतिदिन तीन हजार लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को कोरोना गाइडलाइन पालन करने के लिए कहा जा रहा है।
अस्पतालों को किया जा रहा तैयार
जनपद में कोरोना के एक्टिव केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अपडेट किया है। जिला अस्पताल और वृंदावन के संयुक्त जिला अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करते हुए पीडिया ट्रिक्स इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू) सीएचसी पर तैयार किए गए हैं। सौ शैय्या और जिला महिला अस्पताल में पीकू वार्ड तैयार हैं, आवश्यकता पड़ने पर यहां बेडों की संख्या को बढ़ाए जा सकते हैं। हर ब्लाक में आरआरटीम को सक्रिय किया गया है।
धार्मिक नगरी में हर दिन आते हैं श्रद्धालु
मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन समेत अन्य धार्मिक स्थल होने के कारण यहां हर दिन देश भर से लोगों का आना लगा रहता है। यह भी एक कारण संक्रमण के बढ़ने का हो सकता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की रैंडम सैंपलिंग का दायरा बढ़ा दिया है। अब बाजारों से लेकर प्रमुख स्थलों से लोगों के सैंपल लेकर कोरोना की जांच की जा रही है। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के साथ मंदिरों के आसपास भी हेल्थ डेस्क लगाकर लोगों की जांच की व्यवस्था की जा रही है।
कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए हर ब्लॉक में आरआर टीम से रिपोर्ट ली जा रही है जहां भी कोई बीमार या संदिग्ध की सूचना मिलती है टीम को भेजा जा रहा है। इसके साथ विदेशों से आने वालों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। वृंदावन और गोवर्धन में भी टीम से विदेशों से आने वालों की जानकारी ली जा रही है।
- डॉ. एके वर्मा, सीएमओ मथुरा
कोविड गाइडलाइन को भूले लोग
जनपद में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। बावजूद इसके कोरोना के प्रति लापरवाह हैं। कोविड गाइडलाइन को भूल चुके हैं। सड़क, बाजार, अस्पताल, स्टेशन सभी जगहों पर बिना मास्क के ही लोग घूम रहे हैं। नगर में सब्जी मंडी से लेकर दुकानों तक लोग बिना मास्क लगाए पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी दफ्तरों, रेलवे स्टेशन परिसर, मंदिरों समेत कपड़े की दुकान, किराने की दुकान में भीड़ जुट रही है और लोग भीड़ का हिस्सा बन रहे हैं। कही भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं कराया जा रहा है। स्वास्थ्य महकमा लगातार लोगों से कोविड के नियमों के पालन की अपील कर रहा है, उसके बावजूद लोग नहीं चेत रहे हैं। सीएमओ डॉ. एके वर्मा ने बताया कि लोगों को कोरोना के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मास्क का सदैव प्रयोग करें। हो सके तो उचित दूरी का भी अवश्य पालन करें।
विज्ञापन

कैसे करें बचाव
- दूसरों से सुरक्षित दूरी (कम से कम 1 मीटर) बनाए रखें।
- सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाएं।
- हाथों को बार-बार धोएं, हाथ धोने के लिए, साबुन और पानी या एल्कोहल वाला हैंड रब इस्तेमाल करें।
- खांसने या छींकने पर अपनी नाक और मुंह को कोहनी या रुमाल से ढंक लें।
- अगर आप अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं, तो घर पर ही रहें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें