प्रयागराज में आठ जनवरी से शुरू होने वाले महाकुंभ की तैयारियों में परिवहन निगम के अधिकारी जुटे हैं। महाकुंभ की शुरुआत से पहले ही यात्रियों की संख्या को देखते हुए प्रयागराज के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू करने का निर्णय निगम ने लिया है। एक सप्ताह के अंदर बस सेवा शुरू हो जाएगी।
जनवरी से मार्च तक प्रयागराज में महाकुंभ लगेगा। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु जाएंगे। मथुरा से भी बड़ी संख्या में लोग महाकुंभ स्नान के लिए जाएंगे। महाकुंभ से पहले प्रयागराज के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। एक सप्ताह के अंदर शुरू होने वाली इस सेवा की बस रोजाना शाम सात बजे नए बस स्टैंड से प्रयागराज के लिए जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ी तो बस की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी। यह सेवा कुंभ मेला खत्म होने के बाद भी जारी रहेगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मदन मोहन शर्मा ने बताया कि महाकुंभ के लिए तो बसों का संचालन होगा, लेकिन इससे पहले एक बस प्रतिदिन प्रयागराज के लिए जाएगी। यह बस सेवा एक सप्ताह के अंदर शुरू हो जाएगी और महाकुंभ खत्म होने के बाद भी निरंतर जारी रहेगी। अभी तक प्रयागराज के लिए मथुरा डिपो की कोई बस सेवा नहीं है। जबकि प्रयागराज के लिए मथुरा से काफी यात्री जाते हैं। अन्य डिपो की बसों से मथुरा के यात्रियों को प्रयागराज जाना पड़ता है।
एआरएम बने महाकुंभ के मेला अधिकारी
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मदन मोहन शर्मा को महाकुंभ का मेला अधिकारी बनाया है। एआरएम ने बताया कि महाकुंभ में वह आगरा रीजन की बसों का संचालन देखेंगे। किसी भी यात्री को परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। वह एक दो दिन में प्रयागराज के लिए रवाना हो जाएंगे।