मथुरा। छाता शुगर मिल को चालू कराने की मांग के लिए चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व सांसद व भाजपा पदाधिकारी कुंवर मानवेंद्र सिंह के आरोपों पर सोमवार को कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज तक पता नहीं है कि कुंवर मानवेंद्र सिंह किस पार्टी में हैं। जब उन्हें टिकट नहीं मिलता है तो वह अपने बेटे और भाई को मेरे खिलाफ चुनाव मैदान में उतार देते हैं।
दरअसल, बीते दिनों से छाता स्थित शुगर मिल को चालू कराने की मांग के लिए पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। रविवार को भाजपा पदाधिकारी कुंवर मानवेंद्र सिंह प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छाता शुगर मिल को चालू कराने की घोषणा की थी। इसके लिए विधायक चौ. लक्ष्मीनारायण को गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री बनाया गया, लेकिन अब तक मिल चालू नहीं हो सकी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि यदि वह मंत्री होते तो छाता शुगर मिल को चालू कराने के साथ मांट क्षेत्र में दूसरी चीनी मिल भी खुलवाते। हालांकि वर्तमान मंत्री मिल को चालू नहीं कराना चाहते और न ही क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने देना चाहते हैं। इससे भाजपा की छवि खराब हो रही है। सोमवार को मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कुंवर मानवेंद्र सिंह पर टिप्पणी की। मंत्री की प्रतिक्रिया के बाद छाता शुगर मिल का मुद्दा राजनीतिक रूप से और गरमा गया है।
मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण को झूठ बोलने की आदत है। मैं दस साल से भाजपा में हूं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुझे भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई थी। वह भी मेरे खिलाफ चुनाव लड़े थे और बुरी तरह हारे थे।
- कुंवर मानवेंद्र सिंह, पूर्व सांसद व भाजपा पदाधिकारी