राया में छात्र छात्राओं का स्वागत करते शिक्षिक
मथुरा। ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद मंगलवार को बेसिक और माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूल खुल गए। स्कूल पहुंचने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इससे पहले जिले के बेसिक स्कूलों में विद्यार्थियों को नए सत्र की किताबें दी जा चुकी हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के 1536 विद्यालयों में 1.15 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल मंगलवार से खुल गए हैं। छात्र-छात्राओं का गेट पर तिलक लगाकर स्वागत किया गया। पहले दिन बेसिक के स्कूलों में बच्चों को मिड-डे-मील में खीर, हलवा आदि खिलाया गया। बेसिक के स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे।
वहीं माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूल सुबह 7.30 बजे से 1.30 बजे तक खुले। काफी दिन बाद स्कूल पहुंचे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान दिख रही थी। स्कूल स्टाफ ने बच्चों को राधे-राधे का पटका पहनाकर भी स्वागत किया। इसके बाद छोटे बच्चे स्कूल के मैदान में पढ़ाई के बाद खेलते हुए नजर आए। प्रभारी बीएसए कैलाश शुक्ला ने बताया कि मंगलवार से स्कूल चलो अभियान शुरू किया जाएगा।
स्कूल की छत का गिरा प्लास्टर
राया के शेगरवार के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बच्चे विद्यालय में पहुंचे। प्रभारी प्रधानाध्यापिका शाहनिगार ने बताया कि पहले दिन मिड-डे मिल के बाद बच्चे कक्षा में पढ़ने के लिए पहुंचे थे, तभी तेज आवाज के साथ बरामदे की छत का प्लास्टर गिर गया। इस समय बरामदे में कोई बच्चा नहीं था। इसकी सूचना खंड शिक्षाधिकारी को दे दी। संवाद