नौहझील (मथुरा)। खुर्जा नगर के राजमिस्त्री का शव थाना क्षेत्र के गांव भूरेका के समीप स्थित गंगनहर में उतराता मिला है। परिजन ने शव की शिनाख्त कर सूचना नौहझील पुलिस को दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर के गांव अहरौली निवासी मंगल सिंह का 36 वर्षीय पुत्र रघुवीर सिंह घर से काम पर जाने की कहकर अपनी बाइक से निकला था, मगर शाम तक घर नहीं लाैटा। परौरी वाली नहर गांव जहांगीर पुर के पास युवक की बाइक व कपड़े देख राहगीरों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। बाइक नंबर के आधार पर स्थानीय पुलिस ने जब परिजन को सूचना दी तो परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को तैरना न आने की बात कही। स्थानीय पुलिस व परिजन द्वारा युवक की नहर में तलाश शुरू की गई। सोमवार शाम को युवक के परिजन नहर के सहारे खोजबीन करते हुए नौहझील थाना क्षेत्र के गांव भूरेका के समीप पहुंचे, जहां युवक का शव झाड़ियों में फंसा दिखा।
परिजन की सूचना पर थाना प्रभारी सोनू सिंह व उपनिरीक्षक अशेष कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। नौहझील पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई संदीप ने बताया कि रघुवीर सिंह राजमिस्त्री का कार्य करता था। उसे तैरना नहीं आता था,आशंका है कि नहर में नहाते वक्त डूबने से उसकी माैत हुई है।
एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि थाना क्षेत्र में गांव भूरेका के समीप गंगनहर में युवक का शव मिला है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। संवाद