वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी से पंजाब, लखनऊ, नोएडा और हरिद्वार का संपर्क अभी तक नहीं जुड़ सका है। इस संपर्क को टूटे हुए करीब 78 दिन हो गए हैं। लॉकडाउन के चलते वृंदावन के बस अड्डे से चलने वाली सात बसों के पहिये अभी तक थमे हैं। वृंदावन के लोग अब इस इंतजार में हैं कि आखिर यह बसें कब चलेंगी, जिससे की वह इन स्थानों पर आसानी से जा सकें।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन-1 24 मार्च की रात से शुरू हो गया था। उसके बाद तो बसों के पहिये थम गए थे। वृंदावन से मथुरा डिपो की दो बसें नोएडा, एक बस हरिद्वार, अवध डिपो की तीन एसी बसें लखनऊ और पंजाब डिपो की एक बस चलती थीं। इन बसों के चलने से वृंदावन और यहां ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन को आने वालों को काफी राहत मिलती थी।
लॉकडाउन को 78 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इन स्थानों के लिए चलने वाली बसों की सेवाएं अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम का कहना है कि बसों का संचालन शुरू होना चाहिए। इस सेवा से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। टूटा हुआ संपर्क भी इन स्थलों से वृंदावन का जुड़ सकेगा।
मंदिर खुलते ही शुरू हो जाएगी बस सेवा
वृंदावन। वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी समेत प्रमुख मंदिर बंद होने से श्रद्धालुओं का आवागमन फिलहाल नहीं हो रहा है, वहीं अभी तक दूसरे राज्यों में भी रोडवेज की बसों का आना जाना शुरू नहीं हो सका है। रोडवेज अफसरों का मानना है कि नोएडा बसें भेजी जा सकती है, पर सवारियां न होने के कारण बस सेवा अभी शुरू नहीं की है। मंदिर खुल जाने के बाद ही सेवा शुरू हो सकती है।
दूसरे राज्यों से शुरू होगी सेवा तो वृंदावन से करेंगे संचालन
फिलहाल यूपी के जनपदों में बसों का संचालन हो रहा है। जिस जनपद की सवारियां मिल जाती हैं, वहां बसें भेज दी जाती है। अभी तक दूसरे राज्यों में बसें नहीं भेजी जा रही हैं और न ही दूसरे राज्यों की बसें यहां आ रही है। बसों का आवागमन दूसरे राज्यों से शुरू होगा तो वृंदावन से बसों की सेवा सुचारु कर दी जाएगी।
-विनोद कुमार शुक्ला, एआरएम मथुरा डिपो