मथुरा। 15 अगस्त को भाजपा कार्यालय पर तिरंगा से ऊपर पार्टी का ध्वज लहराने पर रालोद ने कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा के आधा दर्जन से अधिक नेताओं के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है।
रालोद का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पुष्पांजलि कॉलोनी में भाजपा कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज से ऊपर पार्टी का झंडा लहरा रहा था, जोकि नियम विरुद्ध राष्ट्रद्रोह की परिधि में आता है। इस संबंध में रालोद ने सोमवार को कोतवाली में एक तहरीर देते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, महासचिव राजू यादव, प्रदीप गोस्वामी, निर्मला बघेल, शोभाराम प्रधान, कुंजबिहारी चतुर्वेदी, राजपाल चौधरी, बिजेंद्र चौधरी, नितिन शर्मा, सुल्तान सिंह, नीरु सक्सेना आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कोतवाली में दी तहरीर में कहा गया है कि फेसबुक पर इस फोटो के वायरल होने से राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है। रालोद नेता कुंवर नरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष बाबूलाल, ताराचंद गोस्वामी, नरेंद्र सिंह एडवोकेट, चेतन मालिक, रविंद्र नरवार, रोहित प्रताप, कमल सिंह, विश्वेंद्र सिंह व उमेश चौधरी आदि ने कहा है कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और 7 दिन में इनकी गिरफ्तारी की रालोद ने मांग की है।
सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल का कहना है कि पार्टी का झंडा तो पहले से लगा हुआ है। जबकि स्वतंत्रता दिवस पर पहली मंजिल पर झंडारोहण किया गया है। रालोद के आरोप निराधार हैं।