टैंटीगांव। दहेज में चार लाख रुपये व कार की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न किए जाने तथा मारपीट कर घर से निकाल देने की रिपोर्ट न्यायालय के आदेश पर ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है।
चंचल पुत्री सुरेश निवासी भालई ने न्यायालय के आदेश पर सुरीर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी शादी 25 फरवरी 2019 को सौरभ निवासी ओगीपुर थाना चंडोस अलीगढ़ के साथ हुई थी। ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त चार लाख रुपये नकद एवं एक ऑल्टो कार की मांग करने लगे। यह बात उसने अपने परिजनों को बताई। इसके बाद भी उनका उत्पीड़न नहीं थमा। कई बार पंचायत हुई।
18 अक्तूबर 2021 को पति सहित ससुरालीजनो ने कमरे में बंद कर मारपीट की। घर में ही आग लगा कर हत्या करने की कोशिश की। उसे गांव के पास नहर के पुल पर छोड़ कर चले गए। ससुरालीजनों ने पति को आत्महत्या के लिए उकसाया। इससे उसने 24 अक्तूबर 2021 को आत्महत्या कर ली। पति की मौत की खबर सुन कर ससुराल गई तो उसके पहुंचने से पहले ही अंतिम संस्कार कर दिया। उसे घर से धक्का मार कर निकाल दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शाहनजर अहमद ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर ससुर शीलेंद्र सिंह, सास गायत्री, जेठ गौरव, जिठानी प्रवेश, ननद शीतल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।