मथुरा। शादी समारोहों में मेहमान बनकर जेवरात और नकदी से भरे बैग चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कड़िया सांसी गैंग के सदस्यों का पुलिस ने पोस्टर जारी किया है। पुलिस ने मैरिज होम और गेस्ट हाउस के बाहर भी पोस्टर चस्पा कराए हैं। आम लोगों से गैंग के सदस्यों पर नजर रखने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम कड़िया सांसी, गुलखेड़ी और हुलखेड़ी (थाना बोड़ा) का यह अंतरराज्यीय गिरोह करीब सात सदस्यों के साथ वारदात करता है। गिरोह के सदस्य पहले बड़े व्यापारियों और संपन्न परिवारों के शादी समारोहों की रेकी करते हैं। इसके बाद सूट-बूट पहनकर बराती या मेहमान बनकर समारोह में पहुंच जाते हैं। वारदात के लिए 5 से 12 साल तक के बच्चों का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें कम उम्र से ही चोरी करने और भीड़ में घुलने-मिलने का प्रशिक्षण दिया जाता है। मौका मिलते ही बच्चे लोगों का ध्यान भटकाकर जेवरात और नकदी से भरे बैग पार कर देते हैं।
पूर्व में पकड़े गए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में दर्जनों वारदात करना स्वीकार किया था। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर संबंधित थानेदारों ने लोगों से कीमती सामान लावारिस न छोड़ने और अनजान व्यक्ति या बच्चे के भरोसे बैग नहीं देने की अपील की है। मैरिज होम, होटल और गार्डन संचालकों से प्रवेश द्वार व प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने को कहा है। संदिग्धों की सूचना डायल 112 पर सूचना दें।