मथुरा। वृंदावन कुंभ मेला में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर एडीजी आगरा जोन व आईजी ने निरीक्षण किया।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीला स्थली वृंदावन में यमुना के तट पर आयोजित होने जा रहे कुंभ मेला बैठक की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीजी आगरा जोन शुक्रवार को आईजी के साथ पहुंचे। यहां उन्होंने सुरक्षा के इंतजामों को देखा। आग से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। मेला में निर्माणाधीन पुलिस लाइन में पुराने और गंदे टेंट को देखकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। ठेकेदार को मौके पर बुलाकर सख्त कार्रवाई की हिदायत भी दी।
शुक्रवार को वृंदावन मेला स्थल पहुंचे एडीजी अजय आनंद और आईजी ए सतीश गणेश ने 16 फरवरी से आयोजित होने कुंभ मेला बैठक की तैयारियों का जायजा लिया। इससे पहले 14 फरवरी यहां आ रहे मुख्यमंत्री की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यमुना पर निर्माणाधीन घाट को भी देखा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाना है।
मेला नक्शा के अनुरूप सभी मेला मार्ग देखे। अग्निशमन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मेला में निर्माणाधीन थाने चौकी भी देखीं। इसके अलावा उन्होंने मेला की पुलिस लाइन का भी जायजा लिया। यहां सबसे अधिक नाराजगी जताई। पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए बनाए जा रहे टेंट की स्थिति को देखकर नाराज भी हुए। पुराने और गंदे टेंट के लिए ठेकेदार को बुलाकर डांट लगाई। इस दौरान एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी मौजूद रहे। तदोपरांत उन्होंने कोतवाली की व्यवस्था भी देखीं।