मथुरा। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी। मिश्रित आबादी में पुलिस और प्रशासन के अफसर फ्लैग मार्च करते दिखे, वहीं थानों में पीस कमेटी की बैठकों में पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
देश और प्रदेश के कई जनपदों में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को लेकर मथुरा पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है। एक बार फिर शुक्रवार को जुमे की नमाज होगी। इससे पूर्व ही बृहस्पतिवार को पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने शांतिपूर्ण तरीके से नमाज होने को लेकर सुरक्षा का खाका खींचा। डीएम नवनीत सिंह चहल और एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने पूरे जनपद की पुलिस को सतर्क एवं सजग रहने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए थाना गोविंदनगर पर एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह और सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने पीस कमेटी की मीटिंग बैठक करके सौहार्द बनाने की अपील की। एसपी देहात श्रीशचंद ने सीओ गोवर्धन गौरव त्रिपाठी के साथ मिलकर पीस कमेटी की बैठक में शांति बनाए रखने को कहा। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने भी कोतवाल वृंदावन सूरज प्रकाश शर्मा के साथ पीस कमेटी की बैठक की। एसएसपी ने बताया कि किसी भी कीमत पर जनपद का माहौल खराब नहीं होने देंगे। सौहार्द के साथ नमाज करें।
जुुमे की पूर्व संध्या पर डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
शहर के डीगगेट और दरेसी रोड पर बृहस्पतिवार की शाम को डीएम नवनीत सिंह चहल और एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने पुलिस-पीएसी के संग शहर में फ्लैग मार्च किया। मिश्रित आबादी में लोगों से सौहार्द बनाने की अपील की गई। उनके साथ एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट जवाहर लाल श्रीवास्तव, सीओ सिटी अभिषेक तिवारी, एसएचओ गोविंदनगर संजय कुमार पांडेय, कोतवाल विजय कुमार सिंह और डीगगेट चौकी प्रभारी चमन शर्मा मौजूद रहे।