मथुरा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को मथुरा शहर की पैथॉलॉजी और अस्पतालों की गोपनीय पड़ताल की। इसमें पुराने बस स्टैंड स्थित एपेक्स डायग्नोस्टिक सेंटर में डेंगू जांच के रेट अधिक बताने पर इसकी रिपोर्ट सीएमओ को दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की पड़ताल के बाद शहर की पैथॉलॉजी सेंटरों में खलबली मची है।
दो दिन पूर्व सीएमओ कार्यालय में हुई बैठक में डेंगू के 500 रुपये और सीबीसी जांच के 150 रुपये रेट निर्धारित किए थे। शनिवार को सीएमओ डॉ.रचना गुप्ता को शिकायतें मिलीं कि कुछ पैथॉलॉजी संचालक आदेश के बाद भी जांच के लिए अधिक धनराशि ले रहे हैं। सीएमओ ने कंट्रोल रूम प्रभारी डाक्टर भूदेव सिंह को लैबों की जांच के आदेश दिए।
जांच टीम मरीज बनकर पुराने बस स्टैंड स्थित एपेक्स डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंची। यहां पूछा गया कि स्टाफ ने डेंगू जांच के 1000 रुपये एवं सीबीसी के 250 बताए। टीम सदस्यों ने कहा कि रेट कम हो गए हैं। यहां की फोटोग्राफी एवं वीडियो बनाई गई। इसके बाद टीम कृष्णा नगर जगदीश पैथॉलॉजी, एसवी सांइटिफिक लैब, एसआरएल पैथॉलॉजी, मैट्रो पालिश सेंटर पहुंची। यहां कार्य संतोषजनक मिला।
टीम हाइवे स्थित आईएमए उपाध्यक्ष डॉ.गौरव भारद्वाज के सिटी हॉस्पिटल पहुंची। यहां पर्ची दिखाकर डेंगू एवं सीबीसी जांच के रेट पूछे गए। टीम को यहां तैनात स्टाफ की ओर से निर्धारित रेट बताए गए।
सीएमओ के आदेश पर शहर की गई पैथॉलॉजी सेंटरों की स्थलीय पड़ताल की गई। जांच में एपेक्स लैब ने डेंगू एवं सीबीसी जांच के अधिक रेट बताए गए हैं, जांच रिपोर्ट सीएमओ सौंप दी गई है। डॉ.भूदेव सिंह, कंट्रोल रूम प्रभारी
सीएमओ ने डेंगू एवं सीबीसी जांच के रेट निर्धारित किए हैं। आईएमए सदस्य उसी के अनुसार कार्य कर रहे हैं। हमारे हॉस्पिटल में भी टीम गोपनीय तरीके से आई थी। जांच रूटीन प्रक्रिया है। डॉ.गौरव भारद्वाज, उपाध्यक्ष आईएमए
वेक्टर जनित बीमारी में हो रहीं जांचों को लेकर जो रेट सीएमओ की बैठक में निर्धारित किए गए हैं। सभी लैब संचालक उसके अनुसार मरीज से पैसे लें। अधिक रेट लेने पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. मुनीष पौरूष,नोडल अधिकारी हॉस्पिटल, क्लीनिक,पैथोलॉजी पंजीकरण