मथुरा। मथुरा वृंदावन में बन रहीं अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विप्रा (विकास प्राधिकरण) का अभियान जारी है। मंगलवार को ध्वस्तीकरण अभियान के अंतर्गत मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने वृंदावन छटीकरा मार्ग पर कार्रवाई की। बिना नक्शा स्वीकृत कराए बनाई जा रही दो कॉलोनियों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
छटीकरा रोड पर मां वैष्णों देवी मंदिर और मां-धाम आश्रम के पास रमेश चंद्र की ओर से 380 मौजा छटीकरा गरुण गोविंद राम ताल मार्ग हाईटेक सिटी में करीब एक एकड़ भूमि पर चाहर दीवारी बनाने के साथ-2 बिजली के खंभे लगा लिए गए। बीती 28 जून को ध्वस्तीकरण का आदेश हुआ था। इसी प्रकार भगवान सिंह द्वारा मां धाम कॉलोनी के नाम से 4-5 एकड़ में कॉलोनी में प्लॉट काटे गए। इन दोनों कॉलोनियों में बने पक्का निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
क्षेत्रीय अभियंता सुनील शर्मा के मुताबिक संबंधित लोगों को बार-बार लिखित रूप से अवगत कराया गया था कि कॉलोनी विकसित ना करें, लेकिन फिर भी इनके द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था, इस पर मंगलवार से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, सूची सभी क्षेत्रीय अभियंताओं को उपलब्ध करा दी गई है। मथुरा वृंदावन रोड पर भी कई कॉलोनियां विकसित की जा रहीं हैं, उनके खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
------