मथुरा। जैंत गांव स्थित कालियामर्दन मंदिर, जहां पांच अगस्त को लगेगा नागपंचमी का मेला।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। सोमवार को नाग पंचमी पर जैंत गांव स्थित कालिया मर्दन मंदिर में नाग पंचमी मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले को लेकर ब्रजवासियों में उत्साह है। मेला की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नाग पंचमी मेला की शुरुआत सोमवार को प्रात: 7:15 बजे से ब्रजवासियों व कीर्तन मंडलियों द्वारा बैंडबाजे के साथ पूरे गांव में ठाकुरजी के डोले को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रात: 9:15 बजे से कालिया मर्दन भगवान का अभिषेक एवं पूजन अर्चना के साथ नाग पंचमी मेले का शुभारंभ होगा। अभिषेक का शुभारंभ ब्रज के संत व विशिष्ट अतिथिगण करेंगे।
यह जानकारी आयोजन समिति के प्रवक्ता जेपी सारस्वत ने दी। अजय वन व जयकुंड परिसर में नवनिर्मित ब्रज लोक कला मंच पर ग्रामीण विद्यालयों के छात्र-छात्राएं स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व जल शक्ति अभियान जैसे सामयिक विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सायं सात बजे से इसी मंच पर कालिया मर्दन लीला का मंचन गोवर्धन की पं. सोमदत्त स्वामी की मंडली द्वारा होगा।
ब्रज फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर जेपी सारस्वत ने बताया कि मेले की तैयारियां चल रही हैं।