वृंदावन के कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत कोई धार्मिक मठ नहीं, बल्कि एक संवैधानिक गणराज्य है जहां राज्य का संचालन संविधान के अनुसार होता है।
नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया है। उन्होंने इस मामले को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
विज्ञापन
चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया। यह वीडियो लगभग एक माह पुराना बताया जा रहा है और बहराइच का बताया गया है, जिसमें कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भारत कोई धार्मिक मठ नहीं, बल्कि एक संवैधानिक गणराज्य है जहां राज्य का संचालन संविधान के अनुसार होता है, न कि किसी धार्मिक आस्था के आधार पर। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी कथावाचक या धर्मगुरु को यह सम्मान किस नियम और प्रोटोकॉल के तहत दिया गया।