Mathura News: चांदी लूटते बदमाश, घटनास्थल का निरीक्षण करते आईजी व टीम
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मथुरा में रविवार को आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बाइक सवार दो बदमाश दिनदहाड़े स्कूटी सवार से 20 किलो चांदी लूट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस पर पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम
घटना गोविंदनगर थाना क्षेत्र की द्वारिकेशपुरी कॉलोनी के निकट की है। चांदी कारोबारी एडवोकेट प्रभुदयाल गुप्ता का नौकर मोतीलाल दोपहर करीब एक बजे बैरागपुरा गोविंदनगर के कारखाने से चांदी की पायलों की सफाई कराकर द्वारिकेशपुरी स्थित दुकान पर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश चलती स्कूटी से चांदी की पायलों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। मोतीलाल बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ा। इसने एक बदमाश को पकड़ भी लिया।