मथुरा। गुरुग्राम में मथुरा के १५ साल के किशोर हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर एक निजी वित्त कंपनी की कथित लापरवाही के लिए उसके दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुग्राम के सेक्टर-12 ए इलाके में शुक्रवार सुबह हुई। मथुरा का रहने वाले शमीम अपने परिवार के साथ रहता था। उसका भाई नईम इलाके में एक दुकान चलाता है, जबकि वित्त कंपनी का कार्यालय उसकी दुकान के बगल में है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नईम ने कहा कि ३० अप्रैल की सुबह करीब 11:३० बजे वित्त कंपनी के कर्मचारी अरविंद और राजू मेरी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने मेरे भाई को बुलाया और उसे छत पर ले गए। उन्होंने उसके हाथ में एलुमीनियम का एक पाइप देकर बिजली का तार ठीक करने लगे। उसी वक्त शमीम 11 हजार वोल्ट की बिजली की तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद अरविंद और राजू मौके से फरार हो गए। उसकी शिकायत के आधार पर सेक्टर-14 पुलिस थाने में वित्त कंपनी के दो कर्मचारियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। सब इंस्पेक्टर करतार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद हमने शव परिवार को सौंप दिया। तथ्यों की जांच कर रहे हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।