राया (मथुरा)। चोरों ने अस्पताल में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
आए दिन चोरी की वारदातें होने से व्यापारी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस एक सप्ताह पूर्व हुई चोरी की बड़ी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। हाथरस रोड स्थित राजेश्वरी हॉस्पिटल में धीरज कुमार निवासी भैंसारा राया कंपाउंडर है।
शनिवार की देर रात मरीजों को दवा देने के बाद आराम करने के लिए लेट गया। इसी दौरान उसको नींद आ गई। उस समय एक युवक आया और धीरज की जेब से मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हाल में ही हाथरस रोड पर ही सुशील अग्रवाल के यहां चोरों ने बंद मकान से 12 लाख की नकदी सहित 35 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था लेकिन अभी तक घटना का कोई खुलासा नहीं हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने एसएसपी से चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।