गोवर्धन (मथुरा)। बस स्टैंड परिसर में रात होने पर वहां सो रही महिला यात्री से एक युवक के अश्लील हरकत करने का 33 सेकेंड का वायरल वीडियो सामने आया है। जो गोवर्धन के रोडवेज बस स्टैंड परिसर का बताया गया है। इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।
वायरल वीडियो ने बस स्टैंड में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक स्थल गोवर्धन में देश के विभिन्न प्रांतों से तीर्थयात्रियों का आवागमन होता है। यहां जिस तरह से प्रदेश सरकार बस स्टैंड को भव्यता प्रदान कर रही, व्यवस्थाएं उसके विपरीत नजर आ रही हैं।
बसें गोवर्धन बस स्टैंड में प्रवेश के बजाय बाहर सामने से गंतव्य की ओर प्रस्थान कर जा रही हैं। बस के इंतजार में यात्रियों को रात होने पर स्टैंड परिसर में ही रात गुजारनी पड़ रही है। रात में सुरक्षा गार्ड की भी यहां तैनाती नहीं है।
एआरएम नरेश गुप्ता का कहना है कि महिला यात्री से छेड़छाड़ का वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा गार्ड वहां तैनात है।