गोवर्धन (मथुरा)। गांव बसौंती में पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। पुलिस ने कुंवर सिंह की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ सरकारी जमीन पर कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसौंती गांव में जून 1997 में भूमि प्रबंधन समिति द्वारा 40 वर्ग मीटर के 18 आवासीय पट्टे आवंटित किए थे। इसमें 15 लाभार्थियों को पट्टे मिल चुके हैं, जबकि तीन लाभार्थी कुंवर सिंह, भगवान सिंह, खुट्टो को पट्टे की जमीन पर कब्जा नहीं मिला है। कुंवर सिंह ने इसकी शिकायत एसडीएम सदर से की थी। सोमवार को आरआई, लेखपाल शिवराम सिंह जांच करने बसौंती पहुंचे थे।
दबंगों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए उन्हें दौड़ा दिया। मंगलवार को राजस्व निरीक्षक अशोक चौधरी, मौजा लेखपाल रितेश वशिष्ठ लाभार्थी कुंवर सिंह के साथ थाने पहुंचे। कुंवर सिंह ने रनवीर सिंह, प्रताप, सत्यवीर सिंह, बच्चू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार सुबह जमीन पर कब्जे को लेकर रनवीर और कुंवर सिंह पक्ष के लोगों में झगड़ा हो गया। लेखपाल शिवराम सिंह ने बताया कि उस पर आरआई का अतिरिक्त चार्ज है। गांव में जांच को गए थे, मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग आक्रोशित हो गए थे। मौजा लेखपाल रितेश वशिष्ठ ने बताया पट्टे की जमीन को लेकर दो पक्षों विवाद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।