मथुरा। कोरोना काल में भी जंक्शन पर न तो अपराध थम रहा है और न ही अपराधी। बुधवार को जंक्शन के आउटर पर गश्ती कर रहे जीआरपी और आरपीएफ के दो दरोगा के सामने चोर ट्रेन से सफर कर रही सैनिक की पत्नी का पर्स छीनकर भाग निकला। दोनों दरोगा दौड़े भी लेकिन शातिर चोर चकमा देकर सैनिक की पत्नी का पर्स छोड़कर भाग निकला। अब जीआरपी ने चोर को पकड़ने के लिए टीम गठित की है।
एक तरफ कोरोना के नियमों के चलते जंक्शन पर यात्रियों की संख्या बहुत कम है। ऐसे में बुधवार को दुस्साहसिक चोर ने तमिलनाडु एक्सप्रेस से यात्रा कर रही सैनिक की पत्नी का पर्स छीन लिया। दरअसल, ट्रेन नरहौली पुल के निकट आउटर पर खड़ी थी। इसी दौरान ट्रेन के एस-3 कोच में सफर कर रहे पठानकोट पंजाब निवासी सैनिक बलवीर की पत्नी का पर्स चोर ने छीन लिया। सैनिक की पत्नी ने शोर मचाया तो आउटर पर गश्त कर रहे जीआरपी के उप निरीक्षक
अनुराग यादव और आरपीएफ के उप निरीक्षक राजीव कुमार मीणा ने पर्स लेकर भाग रहे युवक का पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान चोर ने दरोगा को चकमा देने के लिए पर्स फेंककर खुद भाग निकला। पर्स में दो मोबाइल फोन, जेवरात, नकदी और एटीएम कार्ड रखे थे। जीआरपी के वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह वैनेया ने बताया कि चोर की तलाश के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम बनाई गई है।