मथुरा। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से पूरी दुनिया सहमी हुई है। हालांकि मथुरा में ओमिक्रॉन का मामला भले नहीं आया हो, लेकिन कोरोना के नए पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गईं हैं। नया साल मनाने के लिए ब्रज की धरा पर आ रहे देशी-विदेशी पर्यटकों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं और बढ़ा दीं हैं।
खासकर वृंदावन और गोवर्धन में हो रही भीड़ चिंता का कारण बन गई है। उधर, रविवार की रिपोर्ट के मुताबिक हरिद्वार ने मथुरा आया व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही वह चला गया।
कार्तिक मास के समापन के बाद नवंबर के आखिरी सप्ताह में वृंदावन के शीतल छाया में कोरोना पॉजिटिव मिले विदेशी पर्यटकों के बाद जनपद को हाई अलर्ट पर रखा गया था। लेकिन शनिवार को जनपद में एक साथ कोरोना के चार पॉजिटिव केस मिल गए। वहीं रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव केस मिला है।
जिला कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. भूदेव ने बताया कि हरिद्वार निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति का 13 दिसंबर को रेलवे स्टेशन पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है। अब उससे संपर्क भी न होने के बाद साइबर सैल को पॉजिटिव आए व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया गया है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस हो सके।
जनपद में अभी तक ओमिक्रॉन का कोई संक्रमित नहीं मिला है, लेकिन कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। कोरोना के केस बढ़ना भी हमारे लिए चुनौती है। आगामी संभावनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारी में जुटा है।
- डॉ. एके वर्मा, सीएमओ मथुरा।