मथुरा। एपी एक्सप्रेस में सिपाही की हत्या कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए शॉर्प शूटर हरेंद्र राणा सोमवार को अदालत में हाजिर नहीं हो सका। विगत २३ अप्रैल को पेशी पर आए अभियुक्त के भाई सहित छह को पुलिस ने हिरासत से छुड़ाने की साजिश में गिरफ्तार किया था।
अदालत ने सुनवाई के लिए ९ मई की तारीख तय की है। उधर, राणा की कोर्ट में पेशी को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
वर्ष २०१३ में पुलिस की अभिरक्षा से भिंड निवासी हरेंद्र राणा और उसके साथी वीनेश को साथियों ने पुलिस पर हमला कर छुड़ा लिया था। हमले में आगरा पुलिस के दीवान खालिक की मौत हो गई और पांच सिपाही गोली लगने से घायल हुए थे। इसकी सुनवाई एडीजे प्रथम अनिल कुमार पांडे की अदालत में चल रही है। सोमवार को अभियुक्त राणा अदालत नहीं आ सका था।
जानकारी रहे विगत २३ अप्रैल को हरेंद्र राणा को पुलिस ने अदालत में पेश किया था। पुलिस ने इसी दौरान हरेंद्र के भाई सहित छह लोगोें को भगाने की साजिश में गिरफ्तार कर लिया। एडीजीसी मुकेश बाबू गोस्वामी ने बताया कि केस में गवाही चल रही हैं। अदालत में अब ९ मई को सुनवाई होगी।