मथुरा। प्रदेश भर में संचालित ई-बसों से की गई कमाई में मथुरा ने पहला स्थान प्राप्त किया है। आगरा ने दूसरा और गाजियाबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मथुरा ने 35. 02 रुपये प्रति किलोमीटर की आय प्राप्त की है।
लखनऊ स्थित सिटी बस ट्रांसपोर्ट लिमिटेड द्वारा की गई समीक्षा के आधार पर जनवरी 2026 में मथुरा को सिटी बसों से आय प्राप्त करने में पहला स्थान मिला है। आगरा मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट बस सेवा के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राधा कृष्ण ने बताया कि मथुरा में 50 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। वर्तमान में 39 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों को जन्मभूमि से वृंदावन, वृंदावन से गोवर्धन और बरसाना के लिए चलाया जा रहा है।
प्रथम रहे मथुरा ने 35. 02, दूसरे स्थान पर आगरा ने 34.21, तीसरा स्थान पर रहे गाजियाबाद ने 25.20, चौथा स्थान प्राप्त गोरखपुर ने 23.67 और पांचवा स्थान प्राप्त वाराणसी ने 20.79 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से आय प्राप्त की है। इसके पहले अप्रैल 2025 में मथुरा पहले नंबर और शाहजहांपुर दूसरे गोरखपुर तीसरे नंबर पर रहा था।