मथुरा।मथुरा के एक और सराफा कारोबारी पर 85 लाख रुपये की चांदी हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित सराफ ने कारोबारी के खिलाफ थाना गोविंद नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सराफा बाजार में चांदी को हड़पने के मामलों में यह चौथी प्राथमिकी है। पुलिस जांच में जुटी है।
मामला कमला विहार कॉलोनी निवासी सराफा कारोबारी रोहित मित्तल से जुड़ा है। रोहित मित्तल ने दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि उनकी फर्म रोहित पार्थ मित्तल का व्यापारिक लेनदेन वृंदावन रोड स्थित व्हाइट ट्री सिल्वर ज्वेलरी के मालिक अनुज गर्ग के साथ चलता था। मित्तल का आरोप है कि उन्होंने 15 फरवरी 2025 को अनुज को चांदी के जेवर और सिल्लियां दी थीं। इनका वजन 30 किलो था, जिसकी बाजार कीमत उस समय लगभग 85 लाख रुपये बताई गई है। पीड़ित कारोबारी का आरोप है कि जब उन्होंने अनुज गर्ग से अपनी चांदी वापस मांगी, तो आरोपी ने पहले तो टालमटोल करना शुरू कर दिया। बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और अपनी दुकान व घर से भी गायब हो गया। काफी प्रयासों के बावजूद जब पीड़ित का आरोपी से कोई संपर्क नहीं हो सका तब पुलिस से शिकायत की। इसके पहले मथुरा के सराफा बाजार से तीन और कारोबारी 35 करोड़ रुपये से ज्यादा की चांदी लेकर चंपत हो चुके हैं। इनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज है मगर पुलिस किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।