राजीव भवन में पंचायत चुनाव से संबंधित लगी सूची को देखते लोग।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। 6560 ग्राम पंचायत सदस्य, 504 ग्राम पंचायत, 813 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 33 जिला पंचायत सदस्यों के आरक्षण की घोषणा के साथ ही ग्राम पंचायत चुनाव की राजनीतिक उथल-पुथल शुरू हो गई। बुधवार को जैसे ही डीएम ने सूची फाइनल की डीपीआरओ कार्यालय पर उसे जानने के लिए गांवों के सैकड़ों दावेदार सूची देखने को दौड़ पड़े। कुछ सूची को अपने पक्ष में होने पर मिठाई बांटी तो कुछ के चेहरे लटक गए।
हालांकि शासन द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष के आरक्षण की घोषणा के साथ ही गांवों की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता शुरू हो गई थी लेकिन 504 ग्राम पंचायतों को अपनी-अपनी ग्राम पंचायत के आरक्षण की घोषणा का इंतजार था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे जैसे ही डीएम नवनीत चहल ने पंचायत चुनाव की सूची पर मुहर लगाई इंतजार कर रहे लोग राजीव भवन में डीपीआरओ कार्यालय की और दौड़ पड़े।
डीपीआरओ प्रीतम सिंह द्वारा मात्र कुछ ही देर में न केवल सभी ब्लॉक पर यह सूची भेज दी गई बल्कि डीपीआरओ कार्यालय पर भी चस्पा कर दी गई। डीपीआरओ ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य की सूची चस्पा कर दी गई है। अब इसमें 4 मार्च से 8 मार्च तक आपत्तियां मांगी जाएंगी। 9 मार्च से 12 मार्च तक आपत्तियों का निस्तारण कर दिया जाएगा और 15 मार्च को यह सूची फाइनल करके चस्पा कर दी जाएगी।