मथुरा। डिप्टी कलेक्टर राजीव उपाध्याय ने शुक्रवार को होली गेट, आर्य समाज रोड, कोतवाली रोड, घिया मंडी, भरतपुर गेट, डींग गेट, नया रोडवेज बस स्टैंड आदि स्थानों का पैदल भ्रमण कर कोविड-19 प्रोटोकॉल तथा कोरोना कर्फ्यू नियमों का पालन कराया।
घीया मंडी में दुकानें खुली मिलीं। बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी, जिसे हटाकर दुकानें बंद कराईं। कई बिना मास्क पहने मिले लोगों के चालान किए गए। डिप्टी कलेक्टर उपाध्याय ने मौके पर उपस्थित भरतपुर गेट चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो।
कोरोना कर्फ्यू में प्रतिबंधित दुकानें किसी भी परिस्थिति में खुलनी नहीं चाहिए। उन्होंने बिना मास्क पहले मिले 32 लोगों का चालान कराया तथा लोगों से अपील की कि कोरोना महामारी की विभीषिका से बचने के लिए 2 गज दूरी व मास्क जरूर पहनें। उन्होंने होली गेट पर बिना वैध कागजात के अकारण फर्राटा भरते वाहनों के चालान कराए तथा एक वाहन सीज कर दिया।