गांव राजागढ़ी में लोडर टेंपो, जिसके पहियों को खोल ले गए चोर।
- फोटो : MATHURA
टैंटीगांव (मथुरा)। सुरीर कोतवाली क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों से चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
गांव राजागढ़ी निवासी ओमप्रकाश वाल्मीकि का लोडर टेंपो रविवार की रात सड़क किनारे खड़ा था। रात में चोर टेंपो के तीन पहियों को खोल ले गए। ईंट और लकड़ी लगाकर टेंपो को खड़ा कर गए। सुबह जब ओमप्रकाश टेंपो के पास गया, तब उसे पहिये चोरी होने की जानकारी हुई। दूसरी घटना गांव कराहरी में पैंठ बाजार के निकट हुई। यहां सोलर लाइट की बैटरी को रविवार की रात चोर ले गए।
तीसरी घटना गांव परसोती गढ़ी के निकट ईंट-भट्ठा पर परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी सहित हजारों का सामान चुरा ले गए। दिनेश निवासी नगला मौजी ने ईंट-भट्ठा पर परचून की दुकान खोल रखी है। रविवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे तीन हजार रुपये व हजारों का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी का कहना है कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है।