नगर निगम में टैक्स नोटिस को लेकर लोगों की आपत्तियों का निस्तारण करते अधिकारी।
मथुरा। नगर निगम कार्यालय में दो दिन से नागरिकों को टैक्स से संबंधित दिए गए नोटिसों पर कार्रवाई की जा रही है। काफी संख्या में लोग निगम पहुंचकर निस्तारण की कार्रवाई करवा रहे हैं।
नगर आयुक्त अनुनय झा ने टैक्स विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी बनाई है, जो आपत्तियों की सुनवाई कर निस्तारण कर रही है। कमेटी में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम, कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय, कर अधीक्षक उम्मेंद सिंह शामिल हैं।
शनिवार को वार्ड 35 के क्षेत्र बल्देवपुरी, माधवपुरी, शक्तिपुरी आदि इलाकों में लोगों को जारी नोटिसों पर सुनवाई की गई। शुक्रवार को भी इन्हीं क्षेत्रों के लोगों की आपत्ति निस्तारित की गई। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम ने बताया कि फिलहाल 10 वार्डों के लोगों को जारी धारा 213 के नोटिस पर सुनवाई की जा रही है। इससे पूर्व वार्ड 34, वार्ड 51, वार्ड 47 में सुनवाई कर आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है।
जीआईएस सोल्यूशन एंड टेक्नोलॉजी की टीम ने अब तक निगम के 68 वार्डों में सर्वे किया है। इनमें करीब 18 हजार लोगों को नोटिस दिए गए हैं। कर अधीक्षक उम्मेद सिंह के अनुसार सर्वे से निगम को आवासीय और व्यवसायिक भवन की पूरी डिटेल प्राप्त हो चुकी है। उसी आधार पर नोटिस भेजे जाएंगे। इन नोटिसों में नाम पते, मकान नंबर आदि में कोई त्रुटि है उसको भी ठीक किया जा रहा है ताकि निगम के अभिलेखों में जानकारी पूर्णत: सही अंकित रह सके।