हाथरस के थाना सहपऊ, बुर्ज नोजी निवासी मुस्कान चौधरी (19) मथुरा के निजी विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। वह हाईवे स्थित राधारानी गर्ल्स हॉस्टल में कमरा नंबर 3 में रह रही थी। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उसके कमरे से आग की लपटें व चीखपुकार सुनकर कमरा नंबर चार की छात्रा ने शोर मचाया तो हॉस्टल की सभी छात्राएं एकत्रित हो गईं। हॉस्टल के बाहर स्थित दुकानदारों ने कमरे का गेट तोड़ा मगर तब तक छात्रा की जलकर मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीओ सदर संदीप कुमार फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम करीब 6 बजे पहुंचे छात्रा के परिजन ने हॉस्टल संचालक व उसकी पत्नी पर जिंदा जलाने का आरोप लगाते हुए करीब एक घंटे तक हंगामा किया। काफी नोंकझोक के बाद सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
बिना पंजीकरण के चल रहे हॉस्टल
निजी विश्वविद्यालय व ग्रामीण क्षेत्र में बिना पंजीकरण कराए दर्जनों हॉस्टल व पेइंग गेस्ट हाउस (पीजी) बिना पंजीकरण कराए चल रहे हैं। इलाका पुलिस भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। हरियाणा और दिल्ली से आकर लोग यहां हॉस्टल चला रहे हैं। पहले भी ऐसी कई वारदात इन निजी हॉस्टल में हो चुकी हैं। एक वर्ष पूर्व ही एक निजी हॉस्टल से छात्रा के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। यह मामला तब खासा चर्चित रहा था।