वृंदावन में फ्री वाई-फाई सेवा का शुभारंभ करतीं सांसद हेमा मालिनी
- फोटो : अमर उजाला
स्मार्ट सिटी योजना के तहत बृहस्पतिवार को वृंदावन में दो प्रमुख स्थानों पर फ्री वाई-फाई सेवा का शुभारंभ हो गया है। इसका उद्घाटन सांसद हेमा मालिनी, महापौर मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त अनुनय झा ने शिलालेख का अनावरण करके किया।
फ्री वाई-फाई सेवा का शुभारंभ करते हुए सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि वृंदावन मथुरा में देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। अन्य प्रदेश और देश से आने के कारण श्रद्धालुओं को नेटवर्क मे परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम के स्थापित किए गए फ्री वाई-फाई से उनको बहुत सहूलियत मिलेगी।
महापौर डा. मुकेश आर्यबंधु ने बताया गया कि प्रथम चरण में प्रेम मंदिर एवं विद्यापीठ चौराहे पर यह फ्री वाई-फाई शुरू हुई है। द्वितीय चरण में नगर निगम क्षेत्र के अन्य चयनित स्थानों पर भी फ्री वाईफाई सेवा जल्द ही उपलब्ध करायी जाएगी। नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया गया कि एक मोबाइल फोन नंबर से 24 घंटे में 30 मिनट तक फ्री वाई-फाई की सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। वाई-फाई से एक बार में कुल 150 मोबाइल फोन जुड़ सकेंगे।
उद्घाटन अवसर पर राधाकृष्ण पाठक उपसभापति, वैभव अग्रवाल पार्षद, अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार तिवारी, सहायक नगर आयुक्त लव कुश गुप्ता, मुख्य अभियंता सिविल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम, अधिशासी अभियंता सिविल आदि अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।