छाता (मथुरा)। कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव शिविर लगाकर लोगों की जांच की जा रही है। वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव दौताना के प्राथमिक विद्यालय में शिविर लगाया। इसमें गांव के 800 व्यक्तियों की कोरोना जांच की गई। जांच के दौरान एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अन्य व्यक्तियों की जांच के लिए सैंपल लिए हैं। एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य, तहसीलदार विवेकशील यादव ने मौके पर पहुंच कर कोरोना जांच शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर बीमार लोगों की जांच कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम में मुकेश जादौन, विनोद चौधरी, अजय, जुगल किशोर, मुकेश उपाध्याय, धर्मवीर आदि मौजूद थे। सीएचसी छाता के शशि रंजन ने बताया कि 24 मई को सुबह 10 बजे गांव उंदी में शिविर लगाया जाएगा। कोरोना की जांच एवं 45 वर्ष से ऊपर वाले व्यक्तियों के वैक्सीन लगाई जाएगी।