मथुरा/मांट। गेहूं क्रय केंद्रों पर गेहं उत्पादक किसानों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। क्रय केंद्र प्रभारियों ने डीएम की बिना अनुमति के ही किसानों को झांसा देते हुए नया स्थानों पर गेहूं तोल शुरू कर दी। इन स्थानों पर मनमर्जी से फर्जीवाड़ा करते हुए किसानों के गेहूं की केवल रिकॉर्ड में खरीद हो रही है। शनिवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एसडीएम मांट तथा खाद्य विपणन अधिकारी के निरीक्षण में यह गड़बड़ी प्रकाश में आई है।
मांट के गांव नसीटी के क्रय केंद्र प्रभारी द्वारा बिना डीएम की अनुमति तथा अन्य किसी अधिकारी के संज्ञान में लाए नसीटी के अलावा जावरा में समानांतर गेहूं क्रय केंद्र खोल लिया। निरीक्षण को पहुंचे एसडीएम मांट श्याम अवध चौहान तथा खाद्य एवं विपणन अधिकारी राजेश्वर सिंह ने किसानों की शिकायत पर संज्ञान लिया। गांव कसेरा कला के क्रय केंद्र प्रभारी ने राया मांट रोड हाईवे पर अलग कांटा लगा दिया है, वहीं पर गेहूं की खरीद की जा रही है।
मोटी खरीद हो गई, किसान बैठे इंतजार में
दोनों स्थानों पर रिकॉर्ड में गेहूं की मोटी खरीद कर ली गई है, जबकि असल में जो किसान क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं लेकर आ रहा है वह गेहूं की खरीद के इंतजार में बैठा है।
नसीटी क्रय केंद्र पर बाहर से गेहूं तुलकर आता है। अधिकारियों को भी सौ से अधिक बोरी रखी भी मिलीं जिनको सिला नहीं गया था। क्रय केंद्र पर मौजूद प्राइवेट कर्मचारी ने बताया कि जीतम नाम का व्यक्ति केंद्र से गेहूं तोलने के लिए बोरी की गांठ ले गया था।
बिवावली क्रय केंद्र प्रभारी शनिवार को भी गायब
मांट के गांव विवावली क्रय केंद्र प्रभारी शनिवार को भी नहीं पहुंचे। अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान भी वह गायब मिले। वकला में भी गेहूं की खरीद नहीं हो रही है।
गेहूं के लिए गांठों की दिक्कत आ रही है। जिसके समाधान के लिए संभागीय खाद्य कार्यालय आगरा को पांच सौ गांठों के लिए लिखा है। कुछ गांठ आज जाएंगी कुछ गांठ कल आएंगी।
- संतोष शर्मा, जिला प्रबंधक पीसीएफ
जावरा तथा राया मांट रोड हाईवे पर समानांतर गेहूं क्रय केंद्र चलते मिले। इनकी कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इन पर गलत तरीके से गेहूं की खरीद हुई है इस संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है।
- राजेश्वर सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी