मथुरा। पुलिस द्वारा पकड़े गए लूट के चार आरोपी।
- फोटो : MATHURA
राया (मथुरा)। थाना राया पुलिस ने प्लॉट दिखाने के बहाने बुलाए युवक से रुपये लूटकर भाग रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से असलहा और बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के खिलाफ थाना राया में मुकदमा दर्ज करा दिया है। चारों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
एसएसआई शिवकुमार शर्मा ने बताया कि देहली गेट अलीगढ़ निवासी दीपक कुमार को वृंदावन में एक्सप्रेसवे के निकट जमीन खरीदनी थी। उसका संपर्क तस्लीम उर्फ राहुल निवासी मोहल्ला चौधरी खेल डीबाई बुलंदशहर से हो गया। उसने जमीन खरीदने के लिए मथुरा रोड यमुना एक्सप्रेसवे के पास बुला लिया। दीपक के आते ही उसने तीन और साथी बुला लिए। चारों लोग बातचीत करने लगे।
कुछ देर बाद वे असली रूप में आ गए और मारपीट कर जेब में रखे 95 हजार रुपये लूट कर भागने लगे, तभी स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और चारों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों ने अपने नाम तस्लीम उर्फ राहुल निवासी मोहल्ला चौधरी खेल थाना डिबाई बुलंदशहर, शमशाद उर्फ चांद निवासी शहाजमाल नई ईदगाह गली थाना रोडवार जिला अलीगढ़, अनीस निवासी गोस्तवाली गली गौंडा रोड रोडवार अलीगढ़, समय सिंह निवासी रूनी का पुरा कुडगांव राजस्थान बताए हैं।
पुलिस ने पकड़े गए चारों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचा, पांच कारतूस, एक बाइक बरामद की है। कस्बा प्रभारी चमन शर्मा ने बताया कि ये लोग जमीन बेचने के बहाने दीपक को बुलाकर लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। समय से सूचना मिलने पर इन्हें पकड़ने में सफलता मिली है।