मथुरा। एक बार फिर पुष्पांजलि उपवन की विद्युत निगम ने बृहस्पतिवार की दोपहर लाइट काट दी। एक करोड़ रुपये के बकाए के चलते काटी गई लाइट से करीब 400 परिवार उमस भरी गर्मी से परेशान हो गए। बिल्डर के विद्युत निगम के एमडी से वार्ता करके अस्थायी रूप से बिजली को आठ घंटे बाद रात 9:30 बजे सुचारु कर दिया गया।
एक बार पहले भी लाइट कट जाने के बाद कॉलोनी के लोगों ने आंदोलन करके डीएम से मुलाकात करके बिजली चालू कराई थी। बृहस्पतिवार को फिर बकाए के चलते लाइट कट जाने के बाद कॉलोनीवासियों में उबाल आ गया। आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहे कॉलोनीवासियों की मंशा का भांपकर बिल्डर ने आगरा बैठे विद्युत निगम के एमडी से वार्ता करके बिजली देररात चालू करवा दी।
सोसाइटी के सचिव डॉक्टर सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बिल्डर और विद्युत निगम मिलकर कॉलोनीवासियों का मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। राजकुमार, विजय उपाध्याय, अजय शर्मा, अनिल भाटी, महेश शर्मा, सोनेलाल तिवारी, प्रणत शर्मा, गजेंद्र यादव, रोहित अग्रवाल और मुकेश चौधरी ने आंदोलन की चेतावनी दी है।