मथुरा। शहर के गऊघाट पर बुधवार को ट्रांसफार्मर से चिपककर आठ बंदर मर गए। इन बंदरों के कारण 33 केवी की लाइन ट्रिप होने से पागलबाबा 132 केवी पर केबल बक्शा फुंक गया। आकाशवाणी के पांच फीडरों की बिजली करीब ढाई घंटे गुल हो गई। विद्युत निगम कर्मियों ने दुरुस्त करके सप्लाई चालू की।
आकाशवाणी बिजलीघर पर पांच फीडर गऊघाट, जयसिंहपुरा, गायत्री तपोभूमि, बिड़ला मंदिर और स्वामीघाट पोषित हैं। सुबह 11 बजे गऊघाट ट्रांसफार्मर में आए करंट की चपेट में आकर एक-एक करके आठ बंदर चिपककर मर गए। इन बंदरों के कारण 33 केवी की लाइन ट्रिप हो गई। लाइन ट्रिप होने से पागलबाबा 132 केवी पर केबल बक्शा फुंक गया।
इसकी भनक लगते ही एसडीओ गौरव गुप्ता टीम के साथ पहुंच गए। आनन-फानन बंदरों को हटवाया गया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करके केबल बक्शा दुरुस्त करके दोपहर डेढ़ बजे बिजली की आपूर्ति शुरू हो सकी। ढाई घंटे तक आकाशवाणी बिजलीघर के पांच फीडर बंद रहे। एसडीओ ने बताया कि बंदरों के मरने का दुख है, पर इनके कारण केबल बक्शा भी फुंक गया। हालांकि समय रहते आपूर्ति को दुरुस्त करके बिजली चालू कर दी गई।