मथुरा। शहर के रामलीला ग्राउंड में नगर निगम के दिवाली मेले के तीसरे दिन सूफियाना बैंड जुगनी का शानदार प्रदर्शन देखकर लोग वाह-वाह कर उठे। रंगारंग कार्यक्रम के साथ एक तरह से मेले का अधिकारिक रूप से समापन भी हो गया।
नगर निगम के महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त अनुनय झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर जुगनी नाइट कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रसिद्ध जुगनी बैंड के सभी कलाकारों को महापौर, नगर आयुक्त एवं पार्षदों रश्मि शर्मा, राजेश सिंह पिंटू, हेमंत अग्रवाल, उमेश भारद्वाज आदि ने राधे-राधे नाम का दुपट्टा पहनाया। प्रसिद्ध फिल्मी तरानों पर ब्रजवासी जमकर झूमे। पंडाल में जुगनी बैंड को सुनने के लिए काफी भीड़ उमड़ी। जुगनी बैंड के मुख्य कलाकार सागर और रोहित भट्ट की प्रस्तुति की सभी ने सराहना की। पथ विक्रेताओं के स्टाल पर ग्राहकों ने खूब खरीदारी की।
नगर आयुक्त ने कहा कि पथ विक्रेताओं, स्थानीय कलाकारों के लिए मेला आयोजित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐतिहासिक कार्य किया है। मेले की सफलता को देखते हुए प्रति वर्ष मेला आयोजित किया जाने का प्रयास होगा। मेले की व्यवस्था संभाल रहे सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल ने कहा कि इस मेले के आयोजन से वास्तव में गरीब तबके के लोगों को खासा लाभ हुआ है।
विशेष समुदाय को लेकर गाने का पार्षदों ने किया विरोध
जुगनी बैंड के कलाकारों ने समुदाय विशेष से प्रेरित एक गाना शुरू किया तो पार्षदों ने विरोध कर दिया। विरोध को देखते ही कलाकारों ने अपनी तान और सुर को बदलते ही कजरारे कजरारे तेरे मोटे मोटे नैन भजन शुरू किया तो पार्षदों ने राहत महसूस की। कई पार्षदों ने नगर आयुक्त के समक्ष विरोध जताया कि यूपी की भाजपा सरकार में ऐसे गाने की कोई जरूरत नहीं।