मकान में आई दरार को दिखाती महिला।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। शहर के सदर बाजार इलाके में नमामि गंगे योजना के तहत डाली जा रही सीवर लाइन स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनने लगी है। जगह-जगह जेसीबी से खोदाई होने की वजह से जमीन में पानी भरने से इलाके के मकानों में लगातार दरारें आ रही हैं। फिलहाल दो मकानों में आई दरारों के कारण मकान स्वामी यहां से जाने को मजबूर हो गए हैं।
पुरानी छावनी सदर बाजार इलाके में जल निगम ने त्रिवेणी कंपनी को सीवर लाइन डालने के लिए अधिकृत किया है। पिछले कई हफ्ते से कंपनी के इंजीनियर बिना किसी योजना के लगातार जेसीबी से खोदाई करा रहे हैं। पुरानी छावनी इलाके में सीवर लाइन डालने के लिए की जा रही खोदाई से पुरानी नीचे की पाइपलाइन टूट गई, जिसके चलते विशाल शर्मा और मालती शर्मा के घर की नींव में पानी भर जाने से दोनों के मकानों में दरार आ गई हैं।
बताया जाता है भय के कारण मालती शर्मा ने अपना घर खाली कर दिया है। नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई। फिर भी जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।