मथुरा। रेलवे की जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए जमीनों की सूची तैयार की जा रही है। रेलवे इन जमीनों से जल्द अतिक्रमण हटाने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार कर रहा है। इसे अभियान के तौर पर लिया जाएगा। यह जानकारी रविवार को चौथी रेल लाइन का निरीक्षण करने आए उत्तर मध्य रेलवे के जीएम प्रमोद कुमार ने जंक्शन पर प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेलवे अधिकारियों ने विस्तार से सूची तैयार की है। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण पर जल्द ही काम प्रारंभ होने की जानकारी दी। मथुरा-वृंदावन रेललाइन के लिए नई रेल बस आने के बाद ही इसे शुरू करने की उम्मीद जताई। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में बंद होने वाली करीब 95 प्रतिशत गाड़ियां चालू हो गईं।
चौथी रेल लाइन इसी वर्ष पूरी हो जाएगी, जबकि तीसरे रेल लाइन को पूरा होने पर अभी समय लग सकता है। छाता में फ्लाई ओवर बनने संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा एक फाटक तैयार कर लिया है। उस पर फ्लाईओवर का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। ब्रज के सभी तीर्थस्थलों को रेलवे से जोड़ने संबंधी प्लान की जानकारी होने से जीएम ने अनभिज्ञता जताई। प्रेस वार्ता के दौरान डीआरएम, एआरएम, स्टेशन डायरेक्टर, आरपीएफ तथा जीआरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।