कोसीकलां (मथुरा)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सोमवार को तहसीलदार विवेकशील को ज्ञापन सौंपा। इसमें वर्षों से बंद पड़ी छाता शुगर मिल को 21 नवंबर तक चालू न कराने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ के 10 नवंबर को वृंदावन आगमन पर काले झंडे दिखाकर घेराव करने की चेतावनी दी।
यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्दा सिंह, किसान नेता दीपक चौधरी, आप नेता प्रहलाद चौधरी ने कहा कि सरकार ने किसानों की एक मात्र बंद पड़ी छाता शुगर मिल के लिए कोई भी बजट नहीं दिया गया है। सरकार पूर्ण रूप से किसान विरोधी कार्य करने में जुटी हैं। कुछ उद्योगपतियों के हाथों खेल रही है। किसान दुखी हैं। किसान की कोई दोगुनी आमदनी नहीं हुई है। ये सरकार का झूठ का नारा है । ज्ञापन देने वालों में चंद्रपाल यदुवंशी, मुरारीलाल जादौन, पवन चतुर्वेदी, भगवान सिंह, हरिओम यादव, चंद्रभान सिंह, पापे गुरू, कोकलेश यादव थे।