जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की जांच करते चिकित्सक।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। पिछले कई दिनों से लगातार बदल रहे मौसम के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। रात में लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है तो दिन में तेज गर्मी और उमस की परेशानी झेलनी पड़ती है। आलम यह है कि सरकारी अस्पताल से नर्सिंग होम तक मरीजों की संख्या में इजाफा का हो गया है। अस्पतालों में बढ़ी
भीड़ के कारण मरीजों को भी अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों ने बताया कि आए दिन अस्पताल में आने वाले मरीजों में अधिकांश लोग सर्दी, खांसी व बुखार से पीड़ित रहते हैं। जिला अस्पताल में हर दिन ओपडी में बढ़ोतरी हो रही है। बृहस्पतिवार को ओपीडी पांच सौ का आंकड़ा पार कर गई। वैसे 200 के आसपास मरीज आते थे। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयों का इंतजाम कर लिया है। जिससे मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल ने बताया कि कभी बारिश और कभी तेज धूप के बदलते इस मौसम में लोगों को सावधानी बरतनी होगी। थोड़ी सी भी चूक लोगों को परेशान कर सकती है।
बताया कि मास्क का प्रयोग निश्चित रूप से करना चाहिए। वहीं लोगों को अभी ताजा भोजन करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर गर्म पानी का भी सेवन करना चाहिए। खासकर अगर गले में खिचखिच हो तो गर्म पानी में नमक डालकर पीने की नसीहत दी है। वहीं, अधिक बीमार होने पर तुरंत डॉक्टरों से सलाह भी लेनी चाहिए।