मथुरा। मथुरा ब्लॉक की जुनसुटी ग्राम पंचायत के बैंक खाते से 2.70 लाख रुपये आधार कार्ड के जरिए धोखाधड़ी कर निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया है।
ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव ने इसकी लिखित सूचना थाना हाईवे पुलिस को दी। आरोप है कि हाईवे पुलिस ने साइबर क्राइम का हवाला देकर तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। जुनसुटी ग्राम पंचायत का खाता रिफाइनरी क्षेत्र में सेंट्रल बैंक शाखा वाद में है। आरोप है कि पंचायत के बैंक खाते से किसी अन्य व्यक्ति ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए 2.70 लाख रुपये अलग-अलग मद में निकाल लिए हैं।
बैंक स्टेटमेंट में दस-दस हजार और दो-दो करके रुपये निकाले गए हैं। ग्राम प्रधान सावित्री देवी ने इसकी सूचना विकास विभाग के अधिकारियों को दी। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पंचायत सचिव नीलम अग्रवाल व प्रधान सावित्री देवी ने इसकी लिखित सूचना थाना हाईवे पुलिस को दी। आरोप है कि हाईवे पुलिस ने साइबर क्राइम का हवाला देकर मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र उपाध्याय का कहना है कि पंचायत सचिव के साथ हाईवे थाने तहरीर देने गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की वजह साइबर क्राइम कार्यालय भेज दिया है। सचिव जुनसुटी नीलम अग्रवाल ने बताया कि ग्राम पंचायत के बैंक खाते से 2.70 लाख 500 रुपये फर्जी आधार कार्ड के जरिए निकाले गए हैं। पुलिस को तहरीर दी गई है।