मथुरा। घर से सोमवार सुबह काम पर निकले सेना के एक शहीद के बेटे का शव देर रात जवाहरबाग के पीछे जंगल में पेड़ से लटका मिला है। गले में प्लास्टिक की निवाड़ का फंदा लगा हुआ था। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। सदर बाजार पुलिस ने शव पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक ने गृह क्लेश में आत्महत्या की है।
थाना सदर के बालाजीपुरम निवासी ऋषि(25) पुत्र लाखन सिंह अमेजन कंपनी कृष्णा नगर में काम करता था। सोमवार सुबह 8 बजे वह अपनी बाइक से काम पर गया था। रोजाना वह 2:30 और 3 बजे घर खाना खाने आता था। लेकिन दोपहर जब वह नहीं आया तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन ऋषि का मोबाइल नहीं मिला तो परिजनों ने अमेजन कंपनी के मैनेजर से मोबाइल पर बात की। इसमें पता चला कि वह आज काम पर ही नहीं पहुंचा था। इससे परिजनों में घबराहट और अधिक बढ़ गई और वह उसको ढूंढने में जुट गए।
देर रात वेटरनेरी कॉलोनी के पीछे जवाहर बाग के जंगल में पेड़ से लटका शव मिला और उसकी बाइक जवाहर बाग के मुख्य द्वार के बाहर खड़ी थी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने मृतक का शव पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम को भेजा है। बताते हैं कि शरीर पर चोट का कोई और निशान नहीं है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक ने सुसाइड किया है। गृह क्लेश के चलते युवक ने ऐसा कदम उठाया।