मथुरा। अमर उजाला और मन्नत ग्रुप द्वारा ग्रीन मथुरा-स्वस्थ मथुरा के तहत आयोजित मैराथन में आज मंगलवार को मथुरा दौड़ेगा। सुबह 7 बजे से शुरू होने वाली इस मैराथन में बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी ग्रीन मथुरा स्वस्थ मथुरा का संदेश देने के लिए दौड़ेंगे। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इस पहल के साक्षी बनेंगे।
गोवर्धन चौराहा स्थित मुकुंद रिसोर्ट से सुबह 7 बजे मैराथन की शुरूआत होगी। दो किलोमीटर की इस मैराथन में प्रतिभाग करने के लिए पहले पंजीकरण कराना होगा। सुबह साढ़े छह बजे से ही मुकुंद रिसोर्ट पर पंजीकरण शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा क्यूआर कोड के माध्यम से भी ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। मैराथन में प्रतिभाग करने के लिए न तो कोई आयु सीमा निर्धारित की गई है और न ही कोई प्रवेश शुल्क रखा गया है। मथुरा के विभिन्न स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा भी इसमें प्रतिभाग किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मैराथन के प्रथम तीन विजेताओं के लिए पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। प्रथम विजेता को 5100 रुपये, द्वितीय विजेता को 2100 रुपये और तृतीय विजेता को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही विजेताओं को मेडल भी दिए जाएंगे। मैराथन मुकुंद रिसोर्ट से शुरू होकर कृष्णा नगर बिजली घर तिराहे तक पहुंचेगी, इसके बाद वापस मुकुंद रिसोर्ट पर ही आकर मैराथन का समापन होगा।
यह हैं हमारे सहयोगी
श्री वृंदा ग्रुप, श्री ग्रुप, इंडियन ऑयल मथुरा रिफाइनरी, मथुरा न्यूरो सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल, आरोग्य प्लास न्यूरो मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पीटल, कान्हां माखन ग्रुप ऑफ स्कूल्स, केआरएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गोपी कृष्ण हॉस्पिटल एंड टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर सहयोगियों में शामिल हैं।
गोवर्धन चौराहा और कृष्णा नगर तिराहे पर रहेगा डायवर्जन
मैराथन के आयोजन के चलते मंगलवार को गोवर्धन चौराहा और कृष्णा नगर तिराहे से सुबह 7 बजे से साढ़े 8 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। गोवर्धन चौराहे से कृष्णा नगर तिराहे की ओर जाने वाले वाहन महोली रोड होते हुए जाएंगे। वहीं भूतेश्वर की ओर से गोवर्धन चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को भी महोली रोड से होकर जाना होगा।