महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर कान्हा की नगरी वृंदावन में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। मंगलवार से ही कांवड़ियों का सैलाब यहां उमड़ पड़ा है। हर दिशा से आने वाले शिवभक्त गंगाजल से भरी कांवड़ लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।
यह भक्तगण रामघाट, राजघाट, सोरों, कछला जैसे विभिन्न घाटों से गंगाजल लेकर आए हैं। अपनी कांवड़ चढ़ाने के लिए श्रद्धालु वृंदावन के प्रमुख गोपेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरे शहर में भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है। हर ओर से "बोल बम", "बम बम भोले" के जयकारों की आवाज़ गूंज रही है। स्थानीय प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए खास तैयारियां की हैं। ट्रैफिक कंट्रोल से लेकर मेडिकल सहायता तक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
महाशिवरात्रि से पहले ही वृंदावन का माहौल पूरी तरह से शिवमय हो चुका है। श्रद्धालु जलाभिषेक के बाद अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रहे हैं, लेकिन उनकी भक्ति की छाप हर किसी के दिल में अमिट रह जाती है।